Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार:धनबाद पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नेटवर्क का खुलासा


धनबाद पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे यार्ड से गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उनके पास से करीब पांच किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 8:20 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, कुछ युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड पहुंचे थे और गंगा-सतलज ट्रेन के जरिए उसकी तस्करी की जा रही थी। बाइक पर बैठा एक आरोपी मौके से फरार हो गया
सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर दूसरे युवक को बैग दे रहा था। पुलिस को देखते ही बाइक पर बैठा एक आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन दो अन्य युवकों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी 37 वर्षीय मुकेश राम और जामताड़ा जिले के फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार मोदी के रूप में हुई है। पूछताछ में राहुल मोदी ने बताया कि वह रेलवे में अटेंडेंट के रूप में काम करता है और इसी का लाभ उठाकर ट्रेन के माध्यम से गांजा तस्करी करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले से इस अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। इस संयुक्त कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार, आरपीएफ और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles