Friday, May 22, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चतरा में ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को रौंदा, मौत:हादसे में पति और बच्ची घायल, आक्रोशितों का मुआवजे की मांग पर सड़क जाम


चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में एक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को रौंद दिया। इस हादसे में 26 वर्षीय महिला खुशबू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके पति दिलीप रविदास और दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार को हुई। हादसे के बाद इलाके में भारी जन-आक्रोश देखा गया। मृतक महिला के परिजन और ग्रामीण मुआवजे तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चतरा-इटखोरी मुख्य सड़क पर शव के साथ धरने पर बैठ गए। इसके चलते सड़क पूरी तरह जाम हो गया। मायके से घर लौट रही थी महिला बारिसाखी (मायाडीह) गांव निवासी दिलीप रविदास अपनी पत्नी खुशबू देवी और बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल बरही से घर लौट रहे थे। ब्रह्मपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चतरा की ओर जा रहे अवैध बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने सामने पुलिस वाहन को देखा। पुलिस से पकड़े जाने के डर से घबराकर चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर का पहिया महिला के सिर पर चढ़ा पुलिस से बचने की हड़बड़ाहट में उसने ट्रैक्टर को अचानक और बेहद लापरवाही से मोड़ा। इस अचानक टर्न के कारण ट्रैक्टर ने दिलीप की मोटरसाइकिल को सीधे अपनी चपेट में ले लिया और खुशबू देवी सड़क पर गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का पहिया खुशबू देवी के सिर को कुचलते हुए निकल गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दिलीप और उनकी दो साल की बच्ची को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रैक्टर को स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर खदेड़ा और कुछ दूरी पर दबोच लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू की देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने शव सड़क पर रख जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध बालू का काला कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। ट्रैक्टर मालिक पुलिस और अंचल प्रशासन की मिलीभगत से तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन बेकसूर लोगों की जानें जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और अंचल अधिकारी (सीओ) अनंत विश्वकर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles