रांची| रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में जिला अनाबद्ध निधि (डिस्ट्रिक्ट अनअटैच्ड फंड) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि संवेदकों के साथ अविलंब इकरारनामा कर योजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनसेवा के उद्देश्य को सार्थक किया जा सके। बैठक में बताया गया कि पीएम अभिम योजना के अंतर्गत कुल नौ योजनाएं स्वीकृत की गई थीं। इनमें शहरी क्षेत्र की दो योजनाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि सात योजनाओं को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।


