बेगूसराय में पैक्स (PACS) चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साहेबपुर कमाल प्रखंड के पंचवीर पैक्स में एक जीवित व्यक्ति को मतदाता सूची में मृत घोषित कर दिया गया।
.
पीड़ित को इस बात की जानकारी वोटिंग से दो दिन पहले लगी, जिसके बाद पूरी चुनावी व्यवस्था और वोटर लिस्ट की शुद्धता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।यह मामला सामने आते ही प्रशासनिक महकमा में हड़कंप मच गया है। पीड़ित व्यक्ति अपने मतदान के अधिकार को लेकर बेहद परेशान हैं।
वोटर लिस्ट में नाम के आगे मृत लिखा
जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में 3 जून को पैक्स चुनाव के लिए मतदान होना है। सोमवार शाम को चुनाव प्रचार थमने के साथ प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा था। इस बीच राजीव कुमार शर्मा ने जब पैक्स की मतदाता सूची देखी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वोटर लिस्ट में उनके नाम के आगे मृत (Dead) लिखा हुआ था।

वोटर लिस्ट में बताया मृत।
उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी गई
राजीव ने बताया कि मैं हर चुनाव में मतदान करता रहा हूं। इस बार भी वोट डालने की पूरी तैयारी में था। लेकिन वोटर लिस्ट में खुद को मृत घोषित देखकर स्तब्ध रह गया। हमने तुरंत प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ (BDO) रवि सिन्हा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती समय में उनकी बात नहीं हो सकी। बीडीओ से सीधे संपर्क न होने पर डिजिटल माध्यम का सहारा लिया। ई-मेल के जरिए संबंधित उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी और मतदाता सूची में तत्काल सुधार की मांग की।
राजीव का कहना है कि यह सिर्फ कोई मामूली तकनीकी गड़बड़ी नहीं है, बल्कि यह एक नागरिक के संवैधानिक अधिकार से जुड़ा बेहद गंभीर मामला है। यह पूरी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
घबराने की जरूरत नहीं है, जांच कराई जाएगी
वहीं, इस पूरे मामले पर प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ रवि सिन्हा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्ट्या यह किसी मानवीय त्रुटि का परिणाम लग रहा है, जिसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। संबंधित मतदाता को घबराने या परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। मतदान केंद्र पर उनकी सही पहचान और आवश्यक भौतिक सत्यापन के बाद उन्हें हर हाल में मतदान करने का अधिकार दिया जाएगा।

