सहरसा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जदयू जिला मुख्य प्रवक्ता सह रोगी कल्याण समिति सदस्य डॉ. मो. लुतफुल्लाह ने सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद, सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. एस.के. आजाद और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान डॉ. लुतफुल्लाह ने अधिकारियों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकीय व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता
डॉ. लुतफुल्लाह ने जोर देकर कहा कि सदर अस्पताल जिले का सबसे बड़ा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाना आवश्यक है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। इस पर सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद और प्रभारी अधीक्षक डॉ. एस.के. आजाद ने आश्वासन दिया कि सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जहां भी कमियां हैं, उन्हें चिन्हित कर दूर किया जाएगा और मरीजों एवं आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा
अधिकारियों ने यह भी बताया कि अस्पताल प्रशासन बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले दिनों में व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। डॉ. लुतफुल्लाह ने अधिकारियों के सकारात्मक आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा।


