Sunday, May 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

आरा समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी:DM को किया ईमेल, तीन आईईडी ब्लास्ट करने का दावा, कहा- रिमोट के जरिए विस्फोट करेंगे


भोजपुर के आरा स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया को एक ईमेल भेजकर लंच टाइम के दौरान आईईडी बम ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है। धमकी भरे मेल में दावा किया गया है कि डीएम कार्यालय परिसर के करीब 100 मीटर के दायरे में तीन स्थानों पर रिमोट के जरिए विस्फोट किया जाएगा। मेल में 11:50 बजे का कथित डेडलाइन भी तय किया गया, जिससे पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक राज के निर्देश पर नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही साइबर सेल को भी ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। “रतन कुमार” के नाम से आया है मेल प्राथमिक जांच में पुलिस इस धमकी को फर्जी मानने की दिशा में भी पड़ताल कर रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह किसी असामाजिक तत्व या मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की हरकत भी हो सकती है, फिर भी हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल आईडी “रतन कुमार” के नाम से भेजे गए संदेश की तकनीकी पड़ताल कर रहे हैं, ताकि प्रेषक तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। घटना के बाद आम लोगों के बीच भी चर्चा और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल, पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles