औरंगाबाद में बुधवार की देर रात सड़क हादसे में फल विक्रेता की मौत हो गई है। मृतक बिगहा गांव निवासी कारू साव (64) है। जो हर दिन औरंगाबाद शहर में जामुन बेचने गए थे। देर रात वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान कामा बिगमा मोड़ के पास किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार ऑन स्पॉट कारू की मौत हुई है। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना नगर थाना क्षेत्र के कामा बिगहा मोड़ के पास की है। ग्रामीणों ने पुलिस और परिजन को सूचना दी घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण-राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों और नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें सदर अस्पताल लेकर आए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की कोशिश हो रही है।
आर्थिक मदद की मांग ग्रामीणों ने बताया कि कारू साव बेहद मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। वह वर्षों से फल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी आय पर ही पूरे परिवार की आजीविका निर्भर थी। उनका एकमात्र बेटा बजरंगी कुमार भी ठेला लगाकर परिवार की मदद करता है, लेकिन घर की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से कारू साव के कंधों पर ही थी। ऐसे में उनकी असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चालक की पहचान हो जाएगी।


