बिहार के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा (मूल्यांकन) का कार्यक्रम और मानक
.
यह परीक्षा 12 मार्च से 19 मार्च के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संचालित होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक होगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कक्षा 1 और कक्षा 2 के बच्चों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन छोटे बच्चों का मूल्यांकन पूरी तरह मौखिक (Oral) होगा। यह मौखिक परीक्षा संबंधित स्कूल के वर्ग शिक्षक की ओर से ही संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए प्रश्न पत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। कक्षा 3 से 8 तक के लिए भी प्रश्नपत्र भी ई-शिक्षाकोष से ही डाउनलोड होगा।

परीक्षा का शेड्यूल जारी।
सह-शैक्षिक गतिविधियों के आधार पर मिलेगी ग्रेडिंग
परीक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को परखने के लिए सह-शैक्षिक गतिविधियों को भी आधार बनाया जाएगा। निर्देश दिया गया है कि क्लास टीचर पूरे वर्ष के दौरान किए गए अवलोकन के आधार पर छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन और ग्रेडिंग करेंगे। यह ग्रेडिंग बच्चों के अंतिम परिणाम का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
ई-शिक्षाकोष से मिलेंगे प्रश्न पत्र
SCERT ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र भेजकर परीक्षा की तैयारी करने को कहा है। सभी विषयों के प्रश्न पत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड रहेंगे, जहां से स्कूल इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे। मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने तथा शैक्षणिक सत्र के अंत तक सभी बच्चों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर लेने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने जारी किया शेड्यूल
12 मार्च को पहली पाली में कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों के लिए पर्यावरण अध्ययन/सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 1 और 2 के नन्हे बच्चों के लिए हिंदी या उर्दू (भाषा) का मौखिक टेस्ट लिया जाएगा।
14 मार्च शनिवार को पहली पाली में कक्षा 3 से 8 के लिए हिंदी/उर्दू की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में उन छात्रों के लिए हिंदी (अहिंदी भाषी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी जो अन्य भाषाओं का चयन करते हैं।
16 मार्च सोमवार को गणित का दिन होगा। पहली पाली में कक्षा 3 से 5 के बच्चों का गणित का पेपर होगा, जबकि दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के बड़े छात्रों के लिए गणित की परीक्षा निर्धारित है।
17 मार्च मंगलवार को दोनों पालियों में अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। पहली पाली में कक्षा 3 से 5 और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के छात्र अपनी अंग्रेजी की दक्षता साबित करेंगे।
18 मार्च बुधवार को पहली पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए विज्ञान और दूसरी पाली में इन्हीं कक्षाओं के लिए संस्कृत/अन्य भाषा की परीक्षा होगी।
19 मार्च को परीक्षा के आखिरी दिन कक्षा 1 और 2 के बच्चों पर फोकस रहेगा। पहली पाली में उनका गणित का मौखिक मूल्यांकन होगा और दूसरी पाली में अंग्रेजी का मौखिक टेस्ट लेकर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।




