![]()
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल जिले के निर्मली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निर्मली रिंग बांध का निरीक्षण करने के साथ-साथ जिले में करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में काफी हलचल देखी जा रही है और सभी विभागों के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। आवंटित कृषि फार्म मैदान में बना हेलीपैड मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अनुमंडल कार्यालय निर्मली के समीप बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। जेल के लिए आवंटित कृषि फार्म मैदान में दो हेलीपैड बनाए गए हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम स्थल पर बड़े स्तर पर टेंट और पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल के लिए अलग टेंट पंडाल बनाया जा रहा है, जबकि मुख्य कार्यक्रम के लिए अलग से विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी शनिवार रात से सक्रिय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शनिवार रात से ही पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है और कार्यक्रम की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच निर्माण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत तैयारी की जा रही है। निर्मली रिंग बांध का कर सकते है निरीक्षण मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम में निर्मली रिंग बांध का निरीक्षण भी शामिल हो सकता है। इसको लेकर प्रशासन ने रिंग बांध के किनारे बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया है, ताकि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अधिकारियों के अनुसार रिंग बांध इलाके में साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। कोसी क्षेत्र में बाढ़ से सुरक्षा के लिहाज से रिंग बांध की स्थिति काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है, इसलिए मुख्यमंत्री के निरीक्षण को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। सड़कों की मरम्मत का काम तेज मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर निर्मली शहर और आसपास के इलाकों में सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम भी तेज कर दिया गया है। कई जर्जर सड़कों को नए सिरे से दुरुस्त कराया जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर पैचवर्क और मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाली प्रमुख सड़कों को खास तौर पर ठीक किया गया है ताकि मुख्यमंत्री के काफिले को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आम लोगों की आवाजाही भी सुगम बनी रहे। इसके अलावा कोसी निरीक्षण भवन, निर्मली को भी मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए नए सिरे से सजाया और संवारा गया है। भवन की रंग-रोगन, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद हो जाएं। अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली करेंगे विश्राम बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली में भी विश्राम कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल भवन में मुख्यमंत्री के लिए एक कमरे को पूरी तरह साफ-सुथरा कर विशेष रूप से तैयार किया गया है। वहां आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि मुख्यमंत्री को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा एजेंसियां भी कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। स्थानीय लोगों में काफी उत्साह पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की भी विशेष योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र में विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी, जिससे जिले के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
CM नीतीश कुमार 10 मार्च को पहुंचेंगे सुपौल:निर्मली रिंग बांध का करेंगे निरीक्षण, कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास शामिल
Date:




