दरभंगा कलेक्ट्रेट स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ।
.
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना होगी, जो कोविड-19 के कारण इस बार 15 साल के अंतराल पर कराई जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना दो चरणों में होगी—पहला चरण 2 मई से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और दूसरा चरण 2 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना का होगा।
उन्होंने कहा कि जिले में 29 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 18 ग्रामीण और 11 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। यह प्रशिक्षण 17 से 19 मार्च तक दो स्थानों पर दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है।
डीएम ने खास तौर पर बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें मोबाइल एप और CMMS पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। साथ ही पहली बार 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक आम नागरिकों को सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) की सुविधा भी दी गई है।

प्रशिक्षण में शामिल अधिकारी।
निदेशक, जनगणना कार्य सह मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एम. रामचंद्रुडु ने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण करते हुए इसकी गुणवत्ता पर संतोष जताया और कहा कि जिला स्तर का बेहतर प्रशिक्षण ही फील्ड स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करेगा।
अग्नि सुरक्षा जागरूकता रथों को डीएम ने किया रवाना
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने समाहरणालय परिसर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 17 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चलाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि अगलगी की घटनाओं से बचाव के लिए लोगों को पहले से जागरूक और प्रशिक्षित होना जरूरी है। दो एलईडी वैन के माध्यम से जिले के सभी 18 अंचलों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े वीडियो दिखाए जाएंगे।
हर रथ के साथ एक “आपदा मित्र” और अग्निशमन टीम तैनात की गई है, जो मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को आग से बचाव के तरीके बताएंगे। इस दौरान समाहरणालय परिसर में भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

जागरूकता रथ को रवाना करते जिलाधिकारी।
बिहार दिवस 2026 को लेकर बैठक, भव्य आयोजन की तैयारी
बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि 22 मार्च को सभी स्कूलों में सुबह 8:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाए, जिससे बिहार की सांस्कृतिक विरासत और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने नगर निगम को शहर के चौक-चौराहों और सड़कों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बिहार दिवस पर मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 22 मार्च को लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में आयोजित होगा। कार्यक्रम के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

अधिकारियों के संग बैठक करते डीएम।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी तैयारियां पूरी करें।
सड़क सुरक्षा पर सख्ती, डीएम ने दिए कड़े निर्देश
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और जन-जागरूकता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में नियमित और सघन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान तेज करने को कहा।

सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक करते डीएम।
शहरी क्षेत्र में चलने वाले वाहनों की पहचान को सुव्यवस्थित करने के लिए कलर कोडिंग प्रणाली लागू करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर बल दिया गया। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सैदनगर, लहेरियासराय में चल रहे एलिवेटेड पथ निर्माण कार्य का जिलाधिकारी कौशल कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में तेजी लाई जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर विभागीय मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने और निर्माण कार्य की लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि काम की प्रगति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सके।

एलिवेटेड सड़क का निरीक्षण करते हुए।
उन्होंने कहा कि एलिवेटेड पथ के निर्माण से लहेरियासराय और आसपास के इलाकों में यातायात जाम की समस्या में काफी कमी आएगी और आम लोगों को सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस मौके पर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि, बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




