![]()
कटिहार जिला पदाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई के बाद दो बच्चों को गोद दिए जाने का आदेश पारित किया। ये बच्चे कटिहार के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में रह रहे थे। आदेश के तहत, संस्थान में आवासित बालिका मिष्का (काल्पनिक नाम) को दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 के प्रावधानों के तहत हावड़ा, पश्चिम बंगाल के दंपत्ति श्री सजल दास और श्रीमती प्रियंका दास संतरा को सौंपा गया। दंपत्ति के अनुरोध पर बालिका का नया नाम स्पृहा दास रखा गया है। इसी प्रकार, बालक रुद्र (काल्पनिक नाम) को सीवान, बिहार के दंपत्ति श्री अमरनाथ माली और श्रीमती सविता को दत्तक ग्रहण में दिया गया। इस बालक को अब अयांश सैनी के नाम से जाना जाएगा। दत्तक ग्रहण के बाद, दोनों बच्चों को जैविक संतान के रूप में प्राप्त होने वाले सभी अधिकार मिल गए हैं। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दत्तक ग्रहण संस्थान और इसकी प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परित्यक्त बच्चों को संरक्षण में लेकर विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया जाए, ताकि केंद्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण के माध्यम से इंतजार कर रहे माता-पिता की सूनी गोद भरी जा सके। सभी हितधारकों को इस दिशा में संवेदनशीलता से कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
DM ने दो-बच्चों को दत्तक-ग्रहण में देने का आदेश दिया:हावड़ा और सीवान के दंपत्तियों को मिली संतान
Date:




