![]()
झारखंड के विभिन्न जिलों में एलपीजी रसोई गैस किल्लत की समस्या अब भी बनी हुई है। रांची, धनबाद, जमशेदपुर समेत कई जिलों में गैस आपूर्त्ति में देरी होने की वजह से लोग परेशान हैं। धनबाद में शुक्रवार को भी चौधरी गैस एजेंसी और महावीर गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। घंटों इंतजार के बावजूद अधिकांश लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल सका, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। हर बार निराश लौटना पड़ रहा
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे कई दिनों से गैस के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी की लापरवाही और अनियमित आपूर्ति के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्हें कभी गैस की गाड़ी नहीं आने तो कभी स्टॉक खत्म होने की जानकारी दी जाती है। इसी बीच, झरिया के लोदना मोड़ स्थित बिनोद गैस एजेंसी में स्थिति सामान्य देखी गई। यहां उपभोक्ताओं की छोटी कतारें थीं और उन्हें बिना अधिक इंतजार के गैस सिलेंडर मिल रहे थे, जिससे वहां के उपभोक्ता संतुष्ट नजर आए। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ही गैस बुकिंग कर दी थी और भुगतान भी कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें अब तक सिलेंडर नहीं मिला है। रोजाना कामकाज छोड़कर लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं, एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कम है और जैसे ही नई खेप आएगी, वितरण शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि यह समस्या कई दिनों से जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
कतार पर लग घंटों अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर
इधर, जमशेदपुर में शहर के विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही है, जहां लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसियों द्वारा पर्याप्त आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके। गिरिडीह शहरी क्षेत्र में घरेलू गैस की किल्लत का स्वरूप अब बदलता नजर आ रहा है। पहले जहां गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लगती थीं, वहीं अब एजेंसी परिसर में भीड़ कम दिखाई दे रही है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है, बल्कि वितरण प्रणाली में बदलाव इसकी मुख्य वजह है। जानकारी के अनुसार, पहले उपभोक्ताओं को सीधे गैस एजेंसी से ही सिलेंडर मिल जाता था, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो जाती थी। लेकिन अब एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को केवल गैस स्लिप दिया जा रहा है। गैस स्लिप मिलने के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित गोदाम पर जाकर गैस सिलेंडर लेना पड़ता है। इस नई व्यवस्था के कारण एजेंसी के बाहर लंबी कतारें तो कम हो गई हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों का कहना है कि पहले एक ही जगह से काम हो जाता था, लेकिन अब उन्हें गैस स्लिप लेने और फिर गोदाम जाने के बाद वहां भी लाइन लगना पड़ता है साथ ही अलग-अलग जगहों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। गैस बुकिंग के लिए 25 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा
वहीं उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि अब एक बार गैस लेने के बाद दूसरे सिलेंडर के लिए करीब 25 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है। इस कारण जिन घरों में गैस की खपत अधिक है, उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन और एजेंसी संचालकों का मानना है कि इस व्यवस्था से भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली है और वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जा रहा है। बावजूद इसके, उपभोक्ताओं की परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने की मांग लगातार उठ रही है। हजारीबाग में भी गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ गैस एजेंसियों पर उमड़ रही है। हालांकि जिला प्रशासन और गैस एजेंसियों की माने तो पर्याप्त मात्रा में गैस मौजूद है परंतु लोग युद्ध की स्थिति के बाद पैनिक हो गए हैं। इसलिए इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील भी किया है कि इस प्रकार की स्थिति और अफवाहों पर ध्यान ना दें। गैस एजेंसी के बाहर पहुंच रहे लोगों की एक शिकायत यह भी है कि पहले बुकिंग तुरंत हो जाता था अब बुकिंग नंबर प्राप्त करना बहुत मुश्किल हो गया है। इन सभी स्थितियों के बावजूद गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ग्राहकों की लंबी लाइन देखने को मिल रही है सिलेंडर के लिए गैस गोदाम के बाहर जुट रही भीड़ जामताड़ा जिले में गैस की बुकिंग करने के लिए ऑफिस के बाहर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। जामताड़ा जिले में प्रत्येक दिन गैस सिलेंडर का ट्रक बुधुडीह स्थित गैस गोदाम पहुंच रहा है। हालांकि भीड़ महज कुछ ही घंटे की होती है। गैस एजेंसी का कहना है कि लोग अफवाह के कारण पहले सिलेंडर लेने के चक्कर में गैस गोदाम के बाहर पहुंच जाते हैं और लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं। इसके कारण कुछ घंटे तक भीड़ बनी रहती है। कोडरमा जिले में एक बार फिर से एलपीजी लेने वालों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया के एचपी गैस गोडाउन के बाहर सुबह 6 बजे से ही लोग कतारबद्ध हो गए और सिलिंडर लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। रामगढ़ जिले में गैस एजेंसी में बुकिंग की संख्या काफी ज्यादा है, जिसके कारण लोगों को तय समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोग काफी परेशान है। अफवाह के कारण रामगढ़ में सभी लोग बुकिंग कर रहे हैं। हालांकि रामगढ़ में गैस की कोई दिक्कत नहीं है। रामगढ़ के जिला प्रशासन ने कई बार गैस एजेंसी के मालिक के साथ बैठक भी की है। गैस एजेंसी मालिकों का साफ तौर पर कहना है की गैस की कोई दिक्कत नहीं है। सिर्फ बुकिंग ज्यादा हो रही है। गैस एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि ज्यादा पैनिक होने की जरूरत नहीं है। आप बुकिंग करे, आपको गैस सिलेंडर मिल जाएगा। खाली सिलेंडर लेकर लोग इधर-उधर भटकते नजर आए गुमला में भी रसोई गैस सिलेंडर की समस्या अभी लगातार बनी हुई है। शुक्रवार सुबह होते ही गैस गोदाम के बाहर लंबी लाइन और खाली सिलेंडर लेकर लोग इधर-उधर भटकते नजर आए। लोगों को कहना है कि कई घरों में अभी गैस की किल्लत की वजह से लकड़ी का चूल्हा जलाना पड़ रहा है। वितरकों द्वारा बताया गया कि गैस गोदामों पर प्रातः 4 बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने के कारण होम डिलीवरी व्यवस्था बाधित हो रही है। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा थाना प्रभारी, गुमला को गोदामों के समीप पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डिलीवरी वाहनों को निर्बाध रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
LPG किल्लत जारी, घंटों लाइन में लग रहे उपभोक्ता:लोग बोले- बुकिंग के 7 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला, परेशानी से नहीं मिली निजात
Date:




