मधुबनी के छह परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से मध्यमा परीक्षा 2026 शुरू हो गई। यह परीक्षा गुरुवार तक चलेगी, जिसमें कुल 2478 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में आयोजित की जा रही है।
.
सोमवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 1:45 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
कंट्रोल रूम से हो रही परीक्षा की निगरानी
जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया है। कंट्रोल रूम से भी परीक्षा की निगरानी की जा रही है।

परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद लोग।
परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला वीक्षकों की भी प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है। प्रवेश के समय मुख्य द्वार पर सभी पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की अनिवार्य रूप से बॉडी फ्रिस्किंग की जा रही है।
किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, घड़ी, स्मार्ट वॉच या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी और वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।




