![]()
मोतिहारी में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक ट्रक से 11,550 किलोग्राम कद्दू के बीज जब्त किए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 36 लाख 96 हजार रुपए है। मामले में दो तस्
.
जानकारी के अनुसार, तस्कर नेपाल से मोटरसाइकिल के जरिए कद्दू के बीज भारत लाते थे। इन्हें मोतिहारी के घोड़ासहन थाना क्षेत्र स्थित बसवरिया गांव में इकट्ठा किया जाता था। यहां से इन बीजों को ट्रक में लादकर देश के अन्य राज्यों में भेजने की योजना थी।
SSB ने तत्काल DRI मुजफ्फरपुर को किया सूचित
तस्करी नेटवर्क की सूचना मिलने पर SSB ने तत्काल DRI मुजफ्फरपुर को सूचित किया। इसके बाद दोनों एजेंसियों ने मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई। संयुक्त टीम ने बसवरिया गांव से घोड़ासहन-ढाका सड़क होते हुए लक्ष्मीपुर लौखान के पास एक ट्रक (UP 42 ET 7862) को रोका।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में कद्दू के बीज बरामद हुए। मौके से ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के रिदौली थाना क्षेत्र निवासी मो. हसीब (35 वर्ष) और बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र निवासी मो. सलमान (31 वर्ष) के रूप में हुई है।
तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जब्त किए गए बीजों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।




