बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। इसके साथ ही बिहार में दो दशक से चला आ रहा मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। छात्र जीवन से राजनीति में आए नीतीश कुमार की गिनती देश के बड़े नेताओं में होती है।
.
नीतीश ने छात्र जीवन में राजनीति बड़े समाजवादी नेता जय प्रकाश नारायण से सीखी थी। लालू यादव को पहली बार सीएम बनने में बड़ी मदद की। 22 हजार रुपए दहेज की बात सुनकर भड़क गए थे। बिना दहेज लिए शादी की थी।
आइए, नीतीश कुमार की 15 यादगार तस्वीरें देखते हैं…

नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च 1951 को बिहार के बख्तियारपुर में हुआ था। उनकी मां का नाम परमेश्वरी देवी और पिता का नाम राम लखन सिंह था। वह कुर्मी (पिछड़ी) जाति से आते हैं। तस्वीर में नीतीश अपने माता-पिता के साथ हैं।

यह तस्वीर तब की है जब नीतीश कुमार नवयुवक थे। वह ताज महल के सामने खड़े दिख रहे हैं।

यह तस्वीर 1973 की है। उस वक्त नीतीश कुमार मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे। इसके साथ ही बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में स्टूडेंट यूनियन के प्रेसिडेंट भी थे। पुलिस और छात्रों के बीच हुए संघर्ष के पीछे के चेहरों में उनका नाम आया था।

यह तस्वीर 1974 की है। नीतीश कुमार समाजवादी नेता जय प्रकाश नारायण के साथ हैं। उस समय नीतीश छात्र नेता थे।

नीतीश की शादी 22 फरवरी 1973 को मंजू कुमारी सिन्हा से हुई थी। वह उस समय मगध महिला कॉलेज से समाजशास्त्र पढ़ रही थीं। दहेज 22 हजार रुपए तय हुआ था। यह जानकर नीतीश भड़क गए थे। उन्होंने घरवालों से कहा था कि दहेज नहीं लीजिए तभी शादी करेंगे। इसके साथ ही शादी के लिए मंजू की सहमति लेने की शर्त भी रखी थी। बिना किसी तामझाम के सिर्फ करीबियों की मौजूदगी में शादी हुई थी।

इस तस्वीर में आप नीतीश कुमार को अपनी पत्नी मंजू के साथ उनके पैतृक गांव में देख रहे हैं। 2007 में निमोनिया से मंजू की मौत हो गई थी। पत्नी की मौत पर वह फूट-फूटकर रोए थे।

1990 की इस तस्वीर में आप नीतीश कुमार (आगे की पंक्ति में सबसे लेफ्ट), शरद यादव और लालू यादव को देख सकते हैं। उस वक्त लालू बिहार के मुख्यमंत्री थे।

1970 में पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के चुनाव में लालू यादव लॉ कॉलेज के महासचिव बने थे। इसी दौरान उनकी नीतीश से मुलाकात हुई थी। 1972 में नीतीश के समर्थन से लालू छात्रसंघ अध्यक्ष बने। लालू को सीएम बनाने में नीतीश का बड़ा रोल था, लेकिन बाद में दोनों एक-दूसरे के विरोधी बन गए।

यह तस्वीर राजनीति में नीतीश कुमार के संघर्ष के दिनों की है। वह पटना के बख्तियारपुर के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए लाइन में लगे दिख रहे हैं।

अप्रैल 1998 में नीतीश कुमार केंद्रीय रेल मंत्री बने थे। यह तस्वीर उनके पदभार ग्रहण करने के समय की है।

इस तस्वीर में आप नीतीश कुमार को अपनी बहनों से राखी बंधवाते देख सकते हैं। उनकी तीन बहनें उषा देवी, इंदु देवी और प्रभा देवी हैं। नीतीश के बड़े भाई सतीश कुमार किसान हैं।

इस तस्वीर में आप नीतीश कुमार को अपनी बड़ी बहन उषा देवी के घर में देख रहे हैं। नीतीश के परिवार के लोग राजनीति में नहीं हैं।

यह तस्वीर 2005 में निकाली गई न्याय यात्रा की है। नीतीश कुमार सीतामढ़ी जिले की सीमा पर स्थित औराई जाने के लिए नाव पर सवार हुए थे। उस समय वह विपक्ष में थे। न्याय यात्रा के बाद सत्ता मिली थी।

2012 में नीतीश कुमार ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर इमरान खान से मुलाकात की थी। बाद में इमरान खान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनें। इन दिनों जेल में बंद हैं।

निशांत कुमार नीतीश कुमार के इकलौता पुत्र हैं। उन्होंने बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की है। राजनीति से अब तक दूर रहे हैं।




