शिक्षक भर्ती (TRE-4) का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी आज पटना की सड़कों पर उतरेंगे।
.
छात्रों का यह प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे पटना कॉलेज से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक जाएगा।
निर्धारित रूट के अनुसार, अभ्यर्थी पटना कॉलेज से निकलकर भिखना पहाड़ी, दरियापुर, खेतान मार्केट, बाकरगंज, गांधी मैदान, जेपी गोलंबर और डाकबंगला होते हुए सीएम हाउस तक मार्च करेंगे।
17 मार्च तक दिया था अल्टीमेटम, आज सड़कों पर उतरने का फैसला
अभ्यर्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को 17 मार्च की देर रात तक का अल्टीमेटम दिया था। छात्रों का कहना है, तय समय सीमा तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिसके बाद उन्होंने 18 मार्च को बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 2 वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

6 माह पहले बारिश में किया था प्रदर्शन।
दो साल से भर्ती का इंतजार, धैर्य टूटने लगा
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा, अभ्यर्थी लंबे समय से शिक्षक बहाली प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को आंदोलन की घोषणा से पहले सरकार की ओर से कहा गया था कि चौथे चरण की शिक्षक बहाली के लिए अधियाचना आयोग को भेज दी गई है।
इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने भी जिलेवार रिक्तियों की सूची भेजे जाने और जल्द नोटिफिकेशन जारी होने की बात कही थी।

पिछली बार प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार ही कर रहे थे।
सरकार के निर्देश के बावजूद देरी का आरोप
छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि जब सरकार की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, तो फिर नोटिफिकेशन जारी करने में देरी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी सरकार के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
जिससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बार चौथे चरण की शिक्षक बहाली का जिक्र किया था, जिससे छात्रों की उम्मीदें और बढ़ गई थीं।
46,595 पदों पर जल्द आएगा नोटिफिकेशन
TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग को इसके लिए अधियाचना पिछले फरबरी महीने में ही मिल चुकी है और इसे वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।

महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण और नई व्यवस्था
इस भर्ती में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा, जिसका लाभ बिहार के मूल निवासी अभ्यर्थियों को मिलेगा। साथ ही इस बार एक अभ्यर्थी का केवल एक ही रिजल्ट जारी किया जाएगा, जबकि पहले अलग-अलग कक्षाओं के लिए कई रिजल्ट जारी होते थे।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
TRE-4 भर्ती में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक शिक्षकों की नियुक्ति के साथ-साथ SC-ST और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में भी शिक्षक और प्रधानाध्यापक पदों पर भर्ती होगी। सभी पदों के लिए आयोग जल्द संयुक्त विज्ञापन जारी करेगा, जिसके बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
राज्य में शिक्षकों की वर्तमान स्थिति
फिलहाल बिहार में करीब 6 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। पिछले दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के माध्यम से लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की भर्ती की जा चुकी है। इसके अलावा करीब 3 लाख नियोजित शिक्षक सक्षमता परीक्षा पास कर राज्यकर्मी बन चुके हैं।




