Saturday, May 2, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गुमला में 29 लाख रुपए का अफीम-गांजा जब्त:होटल की आड़ में नशे का कारोबार, तीन तस्कर गिरफ्तार; ब्रेजा कार जब्त


गुमला में होटल व्यवसाय की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में अफीम और गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल सिंह, नागफेनी निवासी बलराम साहू और लांझी निवासी उमेश साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.596 किलोग्राम अफीम और लगभग 3.62 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की बाजार कीमत करीब 29-30 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने एक ब्रेजा कार भी जब्त की है। गुरुवार को एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा। बलराम और कमल पहले भी जेल जा चुके हैं। होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर एक साथ छापेमारी गुमला और सिसई थाना क्षेत्र में विशेष टीम ने कई होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर एक साथ छापेमारी की। ये ठिकाने बाहर से सामान्य दिखते थे, लेकिन अंदर से नशे के अवैध कारोबार के अड्डे निकले। गिरफ्तार आरोपियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी है, जिसमें इस बड़े नेटवर्क से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना है। पुलिस को आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नगदी भी मिली है, जिसे अवैध कारोबार की कमाई माना जा रहा है। इस मामले में सबसे अहम नाम कमल सिंह का है, जो पहले भी नशे के बड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जुलाई 2024 में पंजाब के फाजिल्का जिले में उसे 66 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया था। जेल से हाल ही में बाहर आने के बाद उसने फिर से इस धंधे में कदम रख दिया। पुलिस ने एक कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल इस कारोबार में किया जा रहा था। वहीं, बलराम साहू का नाम भी पहले अवैध शराब के कारोबार में सामने आ चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मिले सुरागों के आधार पर आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles