Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गोड्डा में 4.5 लाख रुपए लूट का खुलासा:5 आरोपी गिरफ्तार, दुकानों से बकाया पैसे लेकर लौटते वक्त लूटा था


गोड्डा पुलिस ने 3 अप्रैल को हुई 4.5 लाख रुपये की लूट का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और लूटी गई राशि का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है। यह घटना गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र स्थित गांधीग्राम महुआसोल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग NH 133 पर हुई थी। पीड़ित कमल किशोर सिंह पथरगामा से गोड्डा जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाकर व्यापारिक कलेक्शन के 4.5 लाख रुपए लूट लिए थे। कमल किशोर सिंह किराना दुकानों को सामान सप्लाई करते हैं और दुकानों से पैसे इकट्ठा कर घर लौट रहे थे। कमल किशोर सिंह की लिखित शिकायत पर पथरगामा थाने में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए, गोड्डा पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए पैसे की बरामदगी के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। गठित SIT ने भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान युगल यादव (23), कृष्णा यादव (34), संजीव कुमार यादव (24), ब्रह्मदेव तांती उर्फ इष्णु कुमार तांती (22) और सूरज कुमार भगत (34) के रूप में हुई है। ये सभी पथरगामा थाना क्षेत्र, जिला गोड्डा के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 4 लाख 6 हजार 700 रुपए, एक देशी कट्टा, एक गोली और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पूरे मामले पर गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज कुमार भगत, जो एक दुकानदार है, कमल किशोर सिंह से सामान लेता था। उसने ही कमल किशोर सिंह के पास बड़ी रकम होने की सूचना अन्य आरोपियों को दी थी। इसी की सूचना पर ये पांच व्यक्ति आए और पैसा लूट लिए। इस अपराध में कुल 6 लोग शामिल थे। इसमें एक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जबकि सूचना देने वाले दुकानदार सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles