Top 5 This Week

Related Posts

चतरा के सघरी घाटी में बस पलटी:एक दर्जन से अधिक सवारी घायल; कई की हालत गंभीर, लंबा रूट तय करती है बस


चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित सघरी घाटी में बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से गया की ओर जा रही यात्रियों से भरी ‘बदन बस’ भुईयांडीह-जोरी के बीच एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाटी क्षेत्र में मोड़ काटते समय चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी सदर अस्पताल भिजवाया। इस हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से लगभग आधा दर्जन को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक यात्री की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है। घायलों की हुई पहचान, लंबा रूट तय करती है बस घायलों की पहचान जहानाबाद निवासी राकेश कुमार, वजीरगंज (गया) के रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि यह बस डुमरिया से दोपहर 1:30 बजे रायपुर के लिए चलती है और रानीगंज, शेरघाटी, डोभी व चतरा होते हुए लंबा सफर तय करती है। हादसे के समय भी बस अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। क्रेन से बस सीधी करने की कोशिश घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Spread the love

Popular Articles