Monday, March 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अगले 5 दिन बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट:रांची, बोकारो और धनबाद में भी बदलेगा मौसम, 31 मार्च को राहत, फिर बारिश


झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज मिला-जुला रहेगा। कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। 31 मार्च से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और पलामू प्रमंडल को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में इसका असर दिखेगा। रांची, बोकारो और धनबाद समेत मध्य झारखंड में भी मौसम का रुख बदला रहेगा। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी मौसम विभाग ने बारिश के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव की भी चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा। इसके बाद 24 घंटे के भीतर तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग ने 29 मार्च से ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई है। वहीं 31 मार्च को हवा की गति बढ़कर 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 2 अप्रैल को भी दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में तेज हवा और ठनका गिरने का खतरा बना रहेगा। लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। 31 मार्च को मिलेगी राहत; फिर बारिश राजधानी रांची में 30 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि 31 मार्च को मौसम में बदलाव आएगा। गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। इसके बाद 1 और 2 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाए रहेंगे। 4 अप्रैल को एक बार फिर मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटे में 32.2 डिग्री रहा रांची का पारा पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 12.4 मिमी वर्षा सिमडेगा के पाकरटांड में रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री डालटनगंज में और न्यूनतम 17.1 डिग्री गोड्डा में दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 18.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार बिहार से गंगीय पश्चिम बंगाल तक बने ट्रफ और ओडिशा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव हो रहा है। आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

Spread the love

Popular Articles