Tuesday, April 28, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

'अधिकारी धमकाए..फिर बाहर मिले तो पटक कर मारो':DVC प्रबंधन के साथ बैठक में बोले विधायक जयराम, कहा- मारने से फांसी नहीं होगी


झारखंड में डुमरी विधायक जयराम महतो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में वह कह रहे हैं कि अगर अधिकारी धमकाए और फिर जब वह बाहर मिले तो उसे पटक कर मारो। फिर जेल चले जाओ। फांसी नहीं होगी पटक कर मारने से… यह वायरल वीडियो डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल प्रबंधन और मजदूरों के साथ हो रही वार्ता के दौरान का बताया जा रहा है। 7 मिनट से अधिक के वायरल वीडियो में वे एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। प्रबंधन से बातचीत के दौरान वे डीवीसी चंद्रपुरा के मजदूरों को हक दिलाने के लिए अधिकारियों पर जमकर गरजे। विधायक जयराम महतो ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब जानिए क्या है पूरा मामला दरअसल, डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल के सीएचपी सेक्शन में वैगन ट्रिपलर में सफाई कार्य कर रहे मजदूर 22 अप्रैल से आंदोलन कर रहे थे। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन को लेकर मजदूरों की मांग थी कि उन्हें नियमित रूप से काम दिया जाए। आंदोलनरत मजदूर साल 2008 से काम कर रहे हैं, लेकिन 2018 के बाद से उन्हें महीने में केवल 13 दिन ही काम मिल रहा था। यह काम भी उन्हें पिछले 20 दिनों से नहीं दिया गया था। इसी आंदोलन को खत्म कराने के लिए सोमवार को डुमरी विधायक जयराम महतो की पहल पर प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच करीब चार घंटे लंबी बातचीत चली। इसी बातचीत के दौरान विधायक ने उक्त बयानबाजी की। मजदूरों के पक्ष में हुआ निर्णय, आंदोलन समाप्त बातचीत के बाद मजदूरों के पक्ष में निर्णय लेते हुए आंदोलन को समाप्त कराया गया। इस दौरान सहमति पत्र भी सौंपा गया। बैठक में जो निर्णय लिया गया, उसके मुताबिक अब मजदूरों को 13 दिनों के बजाय 26 दिन काम देने की दिशा में पहल की जाएगी। इस निर्णय के क्रियान्वयन के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में बीकेएमएस के दो प्रतिनिधि, डीवीसी के संबंधित विभाग के दो अधिकारी और उप महाप्रबंधक (प्रशासन) शामिल रहेंगे। यह समिति अगले सात दिनों के भीतर कार्य की उपलब्धता का विस्तृत आकलन करेगी और उसी के आधार पर मजदूरों को 26 दिन तक रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया है कि भविष्य में जब भी नए कार्य के अवसर सामने आएंगे, तब वर्तमान में 13 दिन काम कर रहे मजदूरों को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में इनकी रही उपस्थिति वार्ता में उप श्रमायुक्त (बोकारो) रंजीत कुमार, डीवीसी प्रबंधन की ओर से परियोजना प्रमुख आरके अनुभवी, उप महाप्रबंधक (प्रशासन) नीरज सिन्हा, प्रबंधक आरके चौधरी सहित बीकेएमएस के अजय महतो व अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles