Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अनंत सिंह डांस विवाद–पहली बार सामने आईं डांसर अर्चना:बोलीं– मैं कलाकार हूं तवायफ नहीं, मैंने सादे कपड़ों में डांस किया, इसमें अश्लीलता क्या है


‘एक कलाकार को तवायफ कहना बहुत ही गलत मानसिकता को दिखाता है। डांस मेरा पैशन है। मैंने कोई अश्लील डांस नहीं किया है। पूरी तरह सादे और ढके हुए कपड़े में डांस किया है। ये सिर्फ अनंत सिंह को बदनाम करने की साजिश है। एक कलाकार को बेवजह विवाद में घसीटना ठीक नहीं है।’ ये कहना है डांसर अर्चना तिवारी का, जो अनंत सिंह के सामने सलाम-ए-इश्क मेरी जान सॉन्ग पर डांस करते हुए लगातार वायरल हो रही हैं। कहां से शुरू हुआ विवाद, यहां पढ़िए… गोपालगंज के सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर 2 और 3 अप्रैल को जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम था। जनेऊ में अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। उनके लिए ठहरने और खाने-पीने की खास व्यवस्था की गई थी। इस दौरान अवैध / प्रतिबंधित, लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही वहां से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें डांसर अर्चना तिवारी ‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान’, ‘तवायफ कहां मोहब्बत करती है’, जैसे गानों पर डांस करतीं नजर आईं। वहीं, पहली लाइन में बैठे बाहुबली तालियां बजाते दिखे थे। इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने अनंत सिंह समेत 9 लोगों पर FIR दर्ज की थी। अब इस मामले में डांसर का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने इस वीडियो और FIR को साजिश बताया है। डांसर बोली- ‘मैं कलाकार हूं, तवायफ नहीं’ इस विवाद में सबसे ज्यादा चर्चा डांस परफॉर्मेंस को लेकर हुई। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली डांसर अर्चना तिवारी ने पुलिस की कार्रवाई और कुछ टिप्पणियों पर नाराजगी जताई है। अर्चना ने कहा, तवायफ कह कर मुझे बदनाम किया जा रहा है। मैं तिवारी हूं और एक अच्छे परिवार से आती हूं। मेरी मां नौकरी करती हैं। डांस मेरा पैशन है और मुझे खास तौर पर परफॉर्मेंस के लिए बुलाया जाता है। किसी कलाकार के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बेहद गलत और अपमानजनक है। मैंने जिस गाने पर परफॉर्म किया, उसमें तवायफ शब्द जरूर था, लेकिन मैंने प्रस्तुति एक कलाकार के तौर पर दी थी। मैं नौवीं क्लास से डांस कर रही हूं। मैंने डांस में ग्रेजुएशन किया है। मंच पर उतरने वाला हर कलाकार दिल से मेहनत करता है। लोगों को कला देखनी चाहिए, कलाकार को अपमानित नहीं करना चाहिए। ‘मेरे डांस में अश्लीलता कहां थी?’ अर्चना तिवारी ने FIR में अश्लील डांस के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, मैंने बेहद सादे और पूरी तरह ढके हुए कपड़े पहनी थी। वह एक इंडियन क्लासिकल स्टाइल की परफॉर्मेंस थी। मेरे शरीर का हर हिस्सा ढका हुआ था। फिर उसमें अभद्रता कहां से आ गई? वहां किसी ने मेरे साथ गलत हरकत नहीं की। लोग सिर्फ डांस देख रहे थे और तालियां बजा रहे थे। जो बंदूक वाला वीडियो वायरल किया गया है, उसका मेरे कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। वहां कोई बंदूकधारी मेरे आसपास नहीं था। ऐसा लगता है कि किसी और को निशाना बनाने के लिए एक डांसर के कंधे पर बंदूक रखकर केस किया गया है। ‘FIR से मेरी इज्जत पर असर पड़ा’ डांसर ने कहा कि इस विवाद के बाद मेरे परिवार को भी मानसिक तकलीफ हुई है। मेरी भी फैमिली है। जब वीडियो वायरल हुआ तो मेरी मां, बहन और भाई ने भी देखा। इससे मेरी इज्जत पर असर पड़ा है। कोई महिला डांस करती है और तुरंत उस पर गलत आरोप लगा दिए जाते हैं, तो यह किसकी गलती है? मैं मुंबई से हूं। दुबई, रूस और मॉरीशस तक शो कर चुकी हूं। बिहार में भी कई बार आ चुकी हूं। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं और कलाकारों की कद्र करते हैं। ‘अनंत सिंह कलाकारों का सम्मान करते हैं’ अर्चना ने अनंत सिंह के व्यवहार को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, उनका व्यवहार हमेशा अच्छा रहा है। उनकी बेटी की शादी में भी मैं पहले परफॉर्म करने आ चुकी हूं। वह कलाकारों की कद्र करते हैं। इस तरह के आरोप बिल्कुल गलत हैं। अनंत सिंह बोले- हमने कोई गलत काम नहीं किया इस मामले को लेकर अनंत सिंह ने कहा, हमने कोई कानून का उल्लंघन नहीं किया और न ही कोई गलत काम किया। जब वह वहां पहुंचे, उस समय कोई व्यक्ति राइफल लेकर नाच-गा रहा था, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। हमने किसी भी तरह का कानून नहीं तोड़ा। अगर कहीं जाने को लेकर कोई नियम है, तो यह स्थानीय SP की जिम्मेदारी होती है कि वह स्पष्ट आदेश जारी करे। यदि SP यह निर्देश दें कि उन्हें वहां नहीं जाना है, तो वह बिल्कुल नहीं जाएंगे। FIR में अनंत सिंह समेत इन 9 लोगों के नाम बता दें कि वीडियो सामने आने के बाद SP विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ SDPO ने वीडियो की जांच की। इस दौरान कुछ व्यक्तियों की पहचान की गई, जो अवैध / प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे और अश्लील डांस में शामिल थे। साथ ही उसका वीडियो भी बना रहे थे। इस संबंध में मीरगंज थाना कांड संख्या-247/26, दिनांक 04.05.26 वीडियो सत्यापन के बाद 9 नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के साथ अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। हथियार प्रदर्शन और अश्लीलता के आरोप पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि समारोह के दौरान लाइसेंसी और प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना। साथ ही अश्लील डांस और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आगे की सीट पर बैठे अनंत सिंह, नोट लुटाते रहे लोग वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह आगे की सीट पर बैठे हुए हैं और मुजरा देख रहे हैं। जब डांसर उनके पास आकर नाचती है, तो वे ताली बजा अपनी खुशी का इजहार करते हैं। डांस के दौरान कई लोग नोटों की बारिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ लोग हथियार और डांसर के साथ डांस करते नजर आए। दुलारचंद हत्याकांड में आरोपी, 4 महीने बाद मिली बेल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर को मोकामा टाल में राजद नेता दुलारचंद की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा। 1 नवंबर की देर रात पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा खुद अनंत सिंह के आवास मोकामा पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया। वो करीब 4 महीने जेल में रहे। 19 मार्च 2026 को पटना हाई कोर्ट से उन्हें नियमित जमानत मिली थी। जिसके बाद 23 मार्च को वो जेल से बाहर आए थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में फंसाने की साजिश रची गई थी। अब चुनाव नहीं लड़ेंगे अनंत सिंह जेल से रिहा होने के बाद ही मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा, अब वो कोई भी चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनका बेटा जनता की सेवा करेगा। मोकामा के JDU विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा था, यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहते हैं, तो मैं भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles