![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकेला के चेतनसिका मोड़ पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय जीवन सवैया और 20 वर्षीय मधुसुदन सुंडी के रूप में हुई है। मधुसुदन स्कूटी चला रहा था, जबकि जीवन पीछे बैठा था। जानकारी के अनुसार, जीवन सवैया हाल ही में बेंगलुरु से मजदूरी कर अपने गांव लौटा था। घटना के दिन उसने अपनी मां को बताया था कि वह ऑनलाइन मंगाया सामान लेने चाईबासा जा रहा है। इसके बाद वह अपने मित्र मधुसुदन के साथ स्कूटी से चाईबासा के लिए निकला। मधुसुदन टाटा कॉलेज का छात्र था। बताया जा रहा है कि चेतनसिका मोड़ के पास पहुंचते ही स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई। स्कूटी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मुफस्सिल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पर्व के मौके पर घर लौटे जीवन सवैया की असामयिक मौत से परिवार सदमे में है। वहीं, एक छात्र की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है।
