![]()
इस साल शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गोपालगंज में आस्था, कला और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जिले के प्रसिद्ध राजा दल पूजा समिति द्वारा इस बार अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर के प्रतिरूप में एक विशाल और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। यह भव्य पंडाल 120 फीट ऊंचा और 100 फीट चौड़ा होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। 80 लाख रुपए खर्च करने का अनुमान राजा दल पूजा समिति द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन पर करीब 80 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। पंडाल के भीतर माँ दुर्गा की प्रतिमा भी बेहद खास और अलौकिक होगी। यहां भगवती जगदम्बा 18 फीट ऊंचे विशाल शेर पर सवार होकर महिषासुर का वध करती हुई जीवंत मुद्रा में दृष्टिगोचर होंगी। प्रतिमा का निर्माण कार्य अत्यंत बारीकी और भक्तिभाव से किया जा रहा है। पंडाल और प्रतिमा निर्माण के लिए विशेष रूप से कोलकाता से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है, जो पिछले एक महीने से दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। पंडाल के निर्माण में 5 हजार से अधिक बांस, 2 हजार स्क्वायर फीट लकड़ी, 8 पिकअप यानी करीब 800 बंडल थर्मोकोल का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंडाल की विद्युत सज्जा उत्तर प्रदेश के तमकुही स्थित जायसवाल लाइट द्वारा की जाएगी, जो अपनी झिलमिलाती रोशनी से पूरे परिसर को अलौकिक रूप देगी। वहीं, पूरे परिसर और प्रतिमा की सजावट का जिम्मा देवरिया जिले की टीम को सौंपा गया है। इसमें प्राकृतिक ओरिजिनल और आर्टिफिशियल फूलों का बेहतरीन संयोजन कर भव्य सजावट की जाएगी। मौके से आई तस्वीरें…. सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगेंगे 25 CCTV कैमरे मेले में उमड़ने वाली अपार भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे परिसर में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।भीड़ नियंत्रण के लिए 50 से 60 आईकार्ड धारी वालंटियर्स तैनात रहेंगे। जबकिसुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए 50 गुप्त वालंटियर्स भी मुस्तैद रहेंगे। यह संपूर्ण भव्य कार्य राजा दल पूजा समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद गुप्ता, सचिव शंभू प्रसाद, उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद, सजावट निर्देशक विनोद जायसवाल तथा सक्रिय सदस्य प्रेम चंद्र आर्या की कुशल देखरेख और अहम भूमिका में संपन्न हो रहा है। समिति का दावा है कि यह पंडाल इस बार पूरे क्षेत्र में आकर्षण और आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा।
अमेरिका के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर के प्रतिरूप में बनेगा पंडाल:120 फीट ऊंचा, 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा; 80 लाख रुपए होंगे खर्च
