![]()
सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के शिव शक्तिनगर में गुरुवार सुबह मंदिर में पूजा कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला रेणु कुशवाहा से ठगों ने करीब 20 लाख रुपए के गहने ठग लिए। घटना सुबह 9.45 बजे वाल्मीकि नगर में हुई। भुक्तभोगी रेणु कुशवाहा, पति स्व. उदय कुमार कुशवाहा (पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट), ने सुखदेवनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के अनुसार, दोनों ठगों की उम्र 30-35 वर्ष के बीच है। एक युवक ने खुद को अयोध्या का पुजारी बताकर महिला को रोका और बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने अलग-अलग तरीके से उसका विश्वास जीता और उपाय के नाम पर गहने उतरवा लिए। महिला ने शिकायत में बताया कि ठग चार कंगन (50 ग्राम), दो हीरा जड़ित चूड़ी, 10 ग्राम सोने की चेन और एक लॉकेट ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बेटे की दुर्घटना के उपाय के नाम पर झांसा
रेणु कुशवाहा के अनुसार, खुद को अयोध्या का पुजारी बताने वाले युवक ने पहले पानी पीने के लिए पांच रुपए मांगे। इसी दौरान उसका साथी भी वहां पहुंच गया। युवक ने महिला से कहा कि उसके बेटे की कल दुर्घटना होना तय है। इससे महिला घबरा गई। दूसरे युवक से कहा कि तुम्हारी मां भी बीमार है, तुम 11 रुपए हाथ में लेकर आगे बढ़ो, हनुमान जी के दर्शन होंगे। युवक कुछ दूर जाकर लौटा और हाथ में हनुमान जी की मूर्ति दिखाई। इससे महिला को उनकी बात पर विश्वास हो गया। हनुमानजी को पसंद नहीं सोना, गहने उतारो
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद ठग ने उसे भी हाथ में 51 रुपए लेकर आगे बढ़ने को कहा। महिला जैसे ही आगे बढ़ी, उसने कहा कि हनुमान जी को सोना पसंद नहीं है। रावण की सोने की लंका भी हनुमान जी ने जला दी थी। उसने महिला से गहने उतारकर युवक को देने और बाद में वापस ले लेने को कहा। महिला ने गहने उतारकर युवक को दे दिए। जैसे ही वह आगे बढ़ी, दोनों युवक जेवर लेकर भाग निकले।
अयोध्या का पुजारी बन आए ठग:बुजुर्ग महिला से 20 लाख के गहने ले भागे, बेटे की दुर्घटना का डर दिखाया; हनुमानजी के दर्शन के नाम पर ठगा
