![]()
अररिया-रानीगंज मार्ग स्थित एनएच-327ई पर अररिया कॉलेज के समीप बनाए गए डायवर्सन से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संकरी चौड़ाई और अव्यवस्थित यातायात के कारण यहां रोजाना लंबा जाम लग रहा है। सामान्य दिनों में जहां पांच मिनट में तय होने वाला सफर अब घंटों में पूरा हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डायवर्सन की चौड़ाई पर्याप्त नहीं है, जिससे एक साथ दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इसके परिणामस्वरूप छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस जाते हैं और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों की संख्या अधिक सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों की संख्या अधिक होती है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों का कहना है कि जाम के कारण न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि ईंधन की भी अतिरिक्त खपत हो रही है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे मरीजों और अन्य लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित विभाग ने डायवर्सन तो बना दिया, लेकिन बढ़ते यातायात के अनुरूप इसकी चौड़ाई और वैकल्पिक व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। लोगों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनकी मांग है कि डायवर्सन की चौड़ाई बढ़ाई जाए, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। फिलहाल, अररिया कॉलेज के समीप बना यह डायवर्सन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बना हुआ है।

