![]()
अररिया महाविद्यालय, अररिया में सोमवार को प्रधानाचार्य प्रो. डॉ रामदयाल पासवान के सफल एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. डॉ रामदयाल पासवान को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने केक काटकर प्रधानाचार्य का मुँह मीठा कराया। उन्होंने प्रधानाचार्य को उनके सफल नेतृत्व और महाविद्यालय के प्रति समर्पित कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। छात्र-छात्राओं ने अपने संबोधन में कहा कि विगत एक वर्ष के दौरान महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने नियमित पठन-पाठन, छात्र हित में किए गए कार्यों तथा महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रधानाचार्य के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, महाविद्यालय में संचालित विभिन्न सकारात्मक एवं विकासोन्मुखी गतिविधियों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी प्रधानाचार्य प्रो. डॉ रामदयाल पासवान के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल में महाविद्यालय ने शिक्षा, प्रशासन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्राध्यापकों ने कहा कि सुव्यवस्थित कक्षाओं, डिजिटल क्लासरूम, समृद्ध पुस्तकालय, विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाओं तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हुआ है। इस अवसर पर प्रो. डॉ अब्दुस सलाम, डॉ. भीष्म कुमार सिंह, डॉ. शम्स परवेज़, डॉ. राजेश मोहन, डॉ. अमरेश श्रीवास्तव, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, डॉ. लाल कृष्ण, डॉ. आशीष झा, डॉ.तंजील अतहर, डॉ. हिना नकबी, डॉ. नीतू कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानाचार्य को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रदान कीं। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
