सोमवार को अररिया में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। सात निश्चय 3.0 के तहत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की 25 शिकायतों की सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। हिस्से का घर न मिलने की शिकायत दर्ज कराई
फारबिसगंज नगर परिषद की कुमकुम गोस्वामी ने अपने हिस्से का घर न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, फारबिसगंज प्रखंड के उमेश प्रसाद वर्मा, पलासी के गुलफराज, फारबिसगंज के जसीमुन निशा, कुर्साकांटा के जयनाथ मंडल और अररिया के जफरूल ने निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जोकीहाट के राजेंद्र यादव ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला उठाया। निजी भूमि पर सरकारी भवन निर्माण की शिकायत
जोगबनी निवासी माधो मंडल ने लूटपाट की घटना और चंदन त्रिवेदी ने रास्ता अवरुद्ध किए जाने से संबंधित आवेदन दिया। नरपतगंज की गीता कुमारी ने महिला बाल विकास परियोजना में कार्यरत कर्मियों के स्थानांतरण से जुड़ी समस्या रखी। सिकटी के संजय कुमार यादव ने स्वच्छता पर्यवेक्षक बहाली में अनियमितता की शिकायत की। रानीगंज के प्रेम लाल हांसदा ने गैर-मजरुआ भूमि की बंदोबस्ती का अनुरोध किया, जबकि अररिया के अकील ने चौहद्दी सीमांकन सुधार और कुर्साकांटा के भारत लाल राम ने निजी भूमि पर सरकारी भवन निर्माण की शिकायत दर्ज कराई।

