अलगुंदा के जंगल में लगी भीषण आग, 5 एकड़ क्षेत्र में पेड़-पौधे राख

Date:


भास्कर न्यूज |गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल अंतर्गत सदर प्रखण्ड के अलगुंदा पंचायत के मसमोहना और मनिकबाद की पहाड़ियों पर स्थित जंगल में मंगलवार को अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए करीब पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले पेड़-पौधों को अपनी चपेट में ले लिया।जंगल से उठते धुएं को देखकर मनिकबाद निवासी बिनोद सोरेन ने इसकी सूचना एनिमल वर्ल्ड संस्था के सचिव डॉ. संतोष कुमार वर्मा को दी। सूचना मिलते ही डॉ. वर्मा मौके पर पहुंचे और देखा कि आग तेजी से फैल रही है। उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी और खुद भी संस्था के सदस्यों के साथ आग बुझाने में जुट गए।सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और रेंज ऑफिसर एस. के. रवि के निर्देश पर टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। स्थानीय लोगों और एनिमल वर्ल्ड के कार्यकर्ताओं के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने कहा जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही हम लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आग काफी तेजी से फैल रही थी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और हमारी टीम के प्रयास से इसे नियंत्रित किया गया। अगर थोड़ी और देर होती, तो नुकसान और अधिक हो सकता था। आग बुझाने में एनिमल वर्ल्ड की टीम के सदस्य शिबलाल सोरेन, मोतीलाल मांझी, यशवीर मुर्मू, लालजीत सोरेन सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जंगल में आग मानवजनित होने की आशंका, जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई: रेंज ऑफिसर रेंज ऑफिसर एस. के. रवि ने बताया की प्राथमिक जांच में यह मामला मानवजनित प्रतीत हो रहा है। समय रहते सूचना मिल जाने और स्थानीय सहयोग के कारण आग को बड़े क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जंगलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आगजनी जैसी घटनाओं से बचें, ताकि पर्यावरण और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp