
North 24 Parganas News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर थाना क्षेत्र में रविवार को 32 वर्षीय महिला रिया पाल का शव उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया. मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाये हैं. पुलिस ने मृतका के पति मानस दास और सास को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है.
थाने के बाहर भीड़ ने किया हंगामा
पुलिस जब हत्या के आरोपी पति और सास को थाने ले जा रही थी, तब स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की भीड़ वहां जमा हो गयी. उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग करने लगे.
पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे. भीड़ को हटाने के नाम पर पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस की लाठी से कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आयीं.
ये भी पढ़ें: उत्तर 24 परगना में बारूद का ढेर, घर से मिले 22 देसी बम और विस्फोटक, मालिक फरार
पुलिस की सफाई- हल्का बल प्रयोग किया गया
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपियों को सुरक्षित थाने तक पहुंचाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (आत्महत्या या हत्या) का खुलासा हो सकेगा. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है. ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें: अशोकनगर किडनी तस्करी कांड में अलीपुर कोर्ट का अधिवक्ता गिरफ्तार
The post अशोकनगर में फंदे से लटकी मिली महिला, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज से तनाव appeared first on Prabhat Khabar.
