![]()
भास्कर न्यूज | चाईबासा दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट 2026 और सीबीएसई की मार्किंग व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों, तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज और कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिला झामुमो के तत्वावधान में पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। ऐसे में छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। झामुमो नेताओं ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष मूल्यांकन और शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुधार समय की मांग है। सरकार को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। सरकार को उनकी मांगों का समाधान करना चाहिए। झामुमो ने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और आंदोलनरत छात्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। पुतला दहन कार्यक्रम में जिला झामुमो के अध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, विश्वनाथ बाड़ा, मन्नाराम कुदादा, दोफेदार हेस्सा, अनुज पुरती, मनोज सिरका, जगदीश जामुदा, मुजाहिद अहमद, दिलवार हुसैन, जाकिर हुसैन, अलबिन एक्का, उदय बिरुली, बागुन सवैयां, जगदीश गोप, सुभाष भंज, अर्जुन बानरा, शीला जमुदा, सेलाय मुंडा, रामलाल मुंडा व सेलाय दोराईबुरु सहित काफी संख्या में झामुमो के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
