Wednesday, April 22, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

आज झुलसाएगी गर्मी; 25 से फिर बरसेंगे बादल:40 km/h की रफ्तार से चलेगी हवा, वज्रपात की भी संभावना, यलो अलर्ट जारी


झारखंड में आज मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है, लेकिन अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर चरम पर रहेगा। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं जमशेदपुर और धनबाद जैसे औद्योगिक जिलों में तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ सकती हैं। लोगों को घरों में रहने की मजबूरी होगी। खासकर पलामू, गढ़वा और चतरा में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जहां तापमान 42 डिग्री तक जाने का अनुमान है। अगले दो दिन नहीं मिलेगी राहत, लू का असर जारी मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 22 और 23 अप्रैल को गर्मी से किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इन दिनों उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड में लू चलने की आशंका जताई गई है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने और हल्के रंग के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। मंगलवार को रांची का तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। हालांकि इसमें 1.5 डिग्री की गिरावट जरूर आई, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। 24 अप्रैल से बदलेगा मौसम, 25 से होगी बारिश मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से राज्य के मौसम में बदलाव शुरू होगा। सबसे पहले इसका असर पूर्वी झारखंड के गोड्डा, जामताड़ा और साहेबगंज जिलों में देखने को मिलेगा, जहां आंशिक बादल छाने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है। लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। 25 से 27 अप्रैल तक बारिश और वज्रपात 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच रांची समेत पलामू, धनबाद, जमशेदपुर सहित 10 से अधिक जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात की भी आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles