![]()
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया के बीच मौसमी गतिविधियां बढ़ गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 9 अक्टूबर तक राजधानी में बादल छाए रहने के साथ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। रविवार को रांची में दिनभर धूप-छांव की स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार यानी 6 अक्टूबर को शहर और आसपास के इलाकों में घने बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 48 घंटे तापमान स्थिर, फिर 2-3 डिग्री गिरेगा पारा मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटे तक रांची के अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तीन दिनों में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे दोपहर की गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, अगले पांच दिनों तक रात का न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। 8 और 9 अक्टूबर को मौसमी गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बादलों की गर्जना के साथ कई इलाकों में वज्रपात की भी आशंका है। 10 से 12 अक्टूबर के बीच मानसून की पूरी विदाई संभव मौसम केंद्र के विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के क्रम में राज्य में मौसमी गतिविधियां बढ़ी हैं। 10 से 12 अक्टूबर के बीच मानसून के झारखंड से पूरी तरह लौटने की संभावना है। इससे पहले कई इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश, गर्जन और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मानसून की वापसी के बाद मौसम के शुष्क होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बीच लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं, मैदानी इलाकों में गर्मी आईएमडी के अनुसार, बीते दिन रांची का तापमान करीब 23°C, जमशेदपुर का 27.4°C और डाल्टनगंज-पलामू का करीब 27°C दर्ज किया गया। आज रांची में तापमान 20-30°C के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, राज्य के मैदानी और अपेक्षाकृत गर्म इलाकों में दिन का तापमान 30 से 33°C तक पहुंच सकता है। बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में उमस के साथ गर्मी महसूस होने की संभावना है। रांची में AQI 155, संवेदनशील लोगों को सावधानी रांची में आज वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में रह सकती है। एक पूर्वानुमान के अनुसार, शहर का AQI करीब 155 दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पूर्वानुमान में 5 अक्टूबर को हवा की गुणवत्ता मध्यम रहने की बात कही गई है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को लंबे समय तक भारी ट्रैफिक या धूल वाले इलाकों में रहने से बचना बेहतर होगा। जरूरत होने पर ऐसे क्षेत्रों में बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आज से बदलेगा झारखंड का मौसम:9 सितंबर तक बादलों का डेरा; 3 दिन बाद 2-3 डिग्री गिरेगा पारा, 4 दिन तक हल्की-मध्यम बारिश
