![]()
सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ड्रग्स कारोबारियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष अभियान सोमवार से जारी है। यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहा, जिसमें पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी की। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आदित्यपुर पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में दल-बल के साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की गई। पार्कों, चौक-चौराहों और शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुस्लिम बस्ती से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। हालांकि, बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, क्योंकि नोटों की गिनती जारी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध लालटू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस अभियान में एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बरामद नकदी और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

