![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो रविवार की रात करीब तीन बजे बारी कोऑपरेटिव स्थित एक मकान में जोरदार धमाका हुआ और मकान के निचले तल्ला की एक दीवार पूरी तरह ढह गई। धमाके से मकान के दो कमरे, किचन और बाथरूम क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, मकान की बाउंड्री टूट गई। दरवाजे व खिड़कियां भी उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि सेक्टर-12 पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना का जायजा ली। इस दौरान मकान मालिक बसंत कुमार झा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दो तल्ला में सो रहा था। विस्फोट की आवाज सुनकर वह तुरंत नीचे उतरे तो भौचक्क रह गए। घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो किसी विस्फोटक से हमला किया गया हो। हालांकि, वहां ऐसा कुछ नहीं मिला। वहीं गैस पाइप लाइन फटने की भी आशंका जताई गई। हालांकि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सेक्टर-12 पुलिस फोरेंसिक टीम को बुलाया है, जो सुराग तलाश रही है। मकान के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
आधी रात को अचानक हुए विस्फोट से भवन का निचला हिस्सा मलबे में बदला
