![]()
आरा के टाउन थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर में सक्रिय संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चोरी की पांच बाइक भी बरामद की गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकों को मात्र पांच से छह हजार रुपए में बेच देते थे, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था। सदर एएसपी राजकुमार साह ने पूरे मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार बदमाशों में धोबहां के शुकुलपुरा निवासी सोनू शुक्ला उर्फ मृत्युंजय, गीधा थाना के बीरमपुर निवासी पिंटू कुमार, महेंद्र कुमार उर्फ मैना यादव, मोतीलाल पासवान और सोनघट्टा निवासी श्याम बाबू राय उर्फ लालू राय शामिल है। पुलिस के अनुसार सोनू शुक्ला इस गिरोह का मुख्य सरगना है, जबकि पिंटू कुमार और मैना यादव चोरी की बाइक को बेचने का काम करते थे। कोर्ट परिसर से बाइक हुई थी चोरी एएसपी राजकुमार साह ने बताया कि दो बाइक टाउन थाना क्षेत्र, एक पालीगंज और एक बिहिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। जबकि एक अन्य बाइक का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा 17 मार्च 2026 को आरा सिविल कोर्ट परिसर से न्यायालय कर्मी पदम पराग सिंधु की चोरी हुई पल्सर बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इंस्पेक्टर देवराज राय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर बीरमपुर-सोनघट्टा से बाइक बरामद की गई।


