
पुलिस इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर आठ साल तक लिव-इन रिलेशन में रखने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि इंस्पेक्टर अब उससे शादी करने से मुकर गया है और किसी दूसरी लड़की से विवाह करने की तैयारी कर रहा है।
…………………………..
Police News/11.3.26: एक पुलिस इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगने से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। एक युवती ने इंस्पेक्टर के खिलाफ शादी का झांसा देकर आठ साल तक लिव-इन रिलेशन में रखने और अब शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। इस मामले में युवती ने पटना के शास्त्री नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पूरा मामला बिहार की राजधानी पटना की है, जहां सीतामढ़ी में पदस्थ इंस्पेक्टर पर मामला दर्ज हुआ है।
युवती का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था और इसी भरोसे के आधार पर वह उसके साथ पिछले आठ वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। लेकिन अब इंस्पेक्टर ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया है और किसी दूसरी युवती से विवाह करने की तैयारी कर रहा है।
दूसरी लड़की से सगाई की जानकारी मिलने पर हुआ विवाद
FIR में युवती ने बताया कि उसे 7 मार्च को यह जानकारी मिली कि इंस्पेक्टर की शादी किसी दूसरी लड़की से तय हो चुकी है और उसकी सगाई भी हो गई है। इस जानकारी के बाद युवती को गहरा धक्का लगा और उसने इस पूरे मामले को लेकर पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।युवती ने पुलिस से अनुरोध किया है कि इंस्पेक्टर की होने वाली शादी को रोका जाए और उसके साथ हुए धोखे की जांच की जाए। उसने कहा कि इंस्पेक्टर ने लंबे समय तक उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ रखा, लेकिन अब वह अपने वादे से पीछे हट रहा है।
ऑडियो क्लिप भी आया सामने
इस मामले में इंस्पेक्टर और युवती के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो क्लिप भी सामने आया है, जो करीब 1 मिनट 49 सेकंड का बताया जा रहा है। इस ऑडियो में युवती इंस्पेक्टर से सवाल करती हुई सुनाई देती है कि वह उससे छुपकर शादी क्यों कर रहा है।ऑडियो में युवती कहती है कि उसने इंस्पेक्टर और दूसरी लड़की की फोटो देख ली है, जिसके बाद उसे इस शादी की जानकारी मिली। वह कहती है कि अगर उसने वह फोटो नहीं देखी होती तो शायद उसे कभी इस बात का पता भी नहीं चलता।
युवती ने आत्महत्या की धमकी भी दी
ऑडियो क्लिप में युवती यह भी कहती हुई सुनाई देती है कि उसने इंस्पेक्टर को अपने जीवन के आठ साल दिए हैं। वह इंस्पेक्टर से यह भी पूछती है कि उसने अपनी मां से उसकी बात क्यों नहीं कराई और अब वह किसी दूसरी लड़की से शादी क्यों कर रहा है।बातचीत के दौरान युवती यह धमकी भी देती है कि यदि इंस्पेक्टर उससे शादी नहीं करता है तो वह आत्महत्या कर लेगी। वह कहती है कि अब उसके जीवन में कोई मोह-माया नहीं बची है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस मामले में पटना के शास्त्री नगर थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।इसके साथ ही सामने आए ऑडियो क्लिप की भी जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बातचीत की सच्चाई क्या है और पूरे मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं।




