Thursday, July 16, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

ईंट-भट्ठा पर रात्रिप्रहरी के सिर में 2 गोली मारकर हत्या:मुंगेर में बेटी के अपहरण का FIR कराया था दर्ज, जान से मारने की मिली थी धमकी


मुंगेर में बुधवार की रात आरपीएस ईंट भट्ठे पर सो रहे रात्रि प्रहरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उनके सिर में दो गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने आपसी रंजिश में मर्डर की आशंका जताई है। प्रेम-प्रसंग में बेटी को घर से भगाने पर नामजद पिता-बेटा समेत अन्य लोगों पर FIR दर्ज करवाया था। इसी मामले में 20 दिन पहले आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना सफियासराय थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान डकरा सतखजुरिया निवासी सुबोध यादव (45) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि पुलिस भट्ठा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शाम में ड्यूटी के लिए गए थे ईंट भट्ठा सुबोध यादव बुधवार शाम खाना खाने के बाद अपनी ड्यूटी के लिए ईंट भट्ठे पर पहुंचे थे। वह कार्यालय के समीप बने गार्ड रूम के पास सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने बेहद करीब से उनके सिर में दो गोलियां दाग दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर भट्ठे पर मौजूद अन्य कर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुबोध यादव को खून से लथपथ पाया। अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गए थे। घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। प्रेम-प्रसंग में घर छोड़कर बेटी को भगाया परिजन का आरोप है कि 2 महीने पहले मृतक की बेटी को प्रेम प्रसंग में भगाने के मामले में सफियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में हेरूदियारा काली स्थान निवासी देवन यादव, उसके पुत्र अंकित यादव सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। परिजनों का कहना है कि उन्हें 20 दिन पहले भी अपराधियों से धमकी मिली थी। आरोप है कि केस वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। दो दिन पहले भी आरोपितों ने केस नहीं उठाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि उसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से सुबोध यादव की हत्या कर दी गई। भट्ठा परिसर में लगा CCTV खंगाल रही पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस भट्ठा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला मृतक की बेटी के अपहरण से जुड़े दर्ज मुकदमे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया की इस मामले में दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles