
Balurghat Durga Puja Stampede: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक बेहद अनोखी और हंसाने-डराने वाली घटना हुई. उत्तर बंगाल के बालूरघाट के प्रसिद्ध अभिजात्री क्लब (Abhijatri Club) के दुर्गा पूजा पंडाल में उस समय अफरा-तफरी और भगदड़ मच गयी, जब एक सांड (Bull) सीधे पंडाल के मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हो गया. सांड को सामने देख श्रद्धालु परेशान हो गये. जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
सेल्फी और पूजा का माहौल बदला
पूजा पंडाल में जब श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर रहे थे, फोटो खिंचवा रहे थे और आतिशबाजी का आनंद ले रहे थे, तभी एक सांड वहां आ पहुंचा. जानवर को सामने देखकर श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गयी. कोई बैरिकेड कूदकर भागा, तो किसी के जूते-चप्पल वहीं छूट गये.
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ पर शुभेंदु अधिकारी सरकार को हाईकोर्ट का निर्देश- रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में बनायें जांच आयोग
पुलिसकर्मी भी हो गये परेशान
स्थिति बिगड़ती देख पूजा के आयोजकों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची बालूरघाट पुलिस की टीम को सांड को वहां से भगाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस और स्थानीय युवकों ने मिलकर सांड को वहां से खदेड़ दिया. गनीमत रही कि मां दुर्गा के दर्शन करने और मेला घूमने आये लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
अब मजे ले रहे मेला घूमने आये लोग
सांड के बाहर निकलते ही आयोजकों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली. बालूरघाट के अभिजात्री क्लब की यह घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इसे मजाकिया अंदाज में ‘सांड-दर्शन’ कह रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ : 3 मृतकों के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, 25-25 लाख के चेक सौंपे
The post उत्तर बंगाल : बालूरघाट के दुर्गा पूजा पंडाल में घुसा सांड, मची भगदड़ appeared first on Prabhat Khabar.

