![]()
भास्कर न्यूज | सरायकेला समाहरणालय स्थित उपायुक्त कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने क्रमवार सभी फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में कांड्रा मुख्य मार्ग पर जर्जर एवं झूलते विद्युत तारों को बदलने, सड़क अतिक्रमण हटाने और नालियों के गंदे पानी से हो रही परेशानी को दूर करने की मांग प्रमुख रूप से उठी। इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के लंबित द्वितीय किस्त भुगतान, नीमडीह एवं खरसावां प्रखंड के लैंपस में धान विक्रय के बाद बायोमेट्रिक एवं ऑनलाइन प्रविष्टि लंबित रहने की शिकायतें भी सामने आईं। शहीद पार्क खरसावां के रख-रखाव के लिए माली की नियुक्ति, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मातृभाषा आधारित पठन-पाठन को पुनः लागू करने तथा पेसा अधिनियम के अनुरूप चयन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, शिक्षा और जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई मामले भी उपायुक्त के समक्ष रखे गए। जनता दरबार में प्राप्त कई आवेदनों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

