भास्कर न्यूज|लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को दीदी कैफे कुडू का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैफे में आने वाले ग्राहकों की संख्या, किचन की स्थिति, साफ-सफाई, बर्तनों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उपायुक्त ने कैफे परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली व इसे प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने शौचालय का भी निरीक्षण किया और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के क्रम में इन्वर्टर व बोरिंग से संबंधित समस्याओं की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कैफे संचालिकाओं ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 4 हजार से 7 हजार रुपए तक की बिक्री हो रही है। उपायुक्त ने कहा कि कैफे का संचालन व्यवस्थित ढंग से करना आवश्यक है। उन्होंने आवश्यकतानुसार स्टाफ की नियुक्ति करने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने दीदियों को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कैफे को एक सफल उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने बिक्री और आय-व्यय का पारदर्शी लेखा-जोखा रखने के लिए बिलिंग प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की वित्तीय हानि न हो तथा कैफे का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। मौके पर डीपीएम जेएसएलपीएस समेत दीदी कैफे की दीदियां उपस्थित रही।

