![]()
नालंदा जिले के अस्थावां रेफरल अस्पताल के मुख्य गेट के पास बुधवार को एंबुलेंस ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहारी बीघा गांव निवासी राजीव पासवान के 6 वर्षीय पुत्र जैकी कुमार के रूप में हुई है। मां की गोद से छिटक कर सड़क पर गिरा मासूम जैकी अपनी मां के साथ बुधवार को रेफरल अस्पताल पहुंचा था। उसकी मां वहां टीबी की दवा लेने गई थी। दवा लेने के बाद जैसे ही वह बच्चे को गोद में लेकर अस्पताल के मुख्य गेट से बाहर निकल रही थी, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला के हाथ से छिटक कर बच्चा सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो भाइयों में छोटा था जैकी, आंगनबाड़ी में करता था पढ़ाई मृतक के फूफा गोपाल कुमार ने बताया कि जैकी दो भाइयों में छोटा था और गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था। हादसे के बाद चालक बच्चे और उसकी मां को लेकर सदर अस्पताल जरूर आया, लेकिन बच्चे की मौत होते ही वह वाहन लेकर फरार हो गया। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राथमिकी दर्ज, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।
एंबुलेंस की टक्कर से मां की गोद से गिरा मासूम:6 साल के बच्चे की मौत, अस्पताल से टीबी की दवा लेकर घर लौट रही थी महिला

