![]()
शेखपुरा के कोसुंभा थाना क्षेत्र के काशीचक मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान उत्पाद विभाग की पुलिस टीम ने एक एंबुलेंस से 10 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीज ढोने के बजाय शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। उत्पाद विभाग की टीम ने लगभग एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एंबुलेंस और उसके चालक को पकड़ा। छापामारी का नेतृत्व उत्पाद थाना शेखपुरा के एएसआई अमरजीत कुमार ने किया। गिरफ्तार एंबुलेंस चालक की पहचान लखीसराय जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत औरे गांव निवासी कारू राम के बेटे प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। नवादा की ओर से लाई जा रही थी खेप उत्पाद थाना अध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक अमित आनंद ने बताया कि उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, नवादा की ओर से एक एंबुलेंस में भारी मात्रा में विदेशी शराब छुपाकर शेखपुरा लाई जा रही थी। सूचना मिलने के बाद उत्पाद थाना की पुलिस सादी वर्दी में शेखपुरा और नवादा के सीमांकन क्षेत्र पर घात लगाकर बैठ गई और वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। चालक को छुड़ाने का किया प्रयास इस दौरान एक एंबुलेंस चालक पुलिस को देखकर वाहन को पीछे मोड़कर भागने लगा। पीछा करने के दौरान शराब माफियाओं के कुछ लाइनर बाइक पर सवार होकर आए और पुलिस टीम से भिड़ गए। उन्होंने चालक को छुड़ाने का असफल प्रयास किया, जिससे पुलिस और लाइनर के बीच नोंकझोंक भी हुई। पुलिस टीम वाहन सहित चालक को अपने कब्जे में लेकर मुख्यालय लौटी। एंबुलेंस की तलाशी लेने पर मरीज के बेड के नीचे से 10 कार्टन, जिसमें कुल 239 बोतल विदेशी शराब थी, बरामद की गई। उत्पाद पुलिस ने एंबुलेंस और शराब को जब्त कर लिया है। इस संबंध में उत्पाद थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है।

