नावाबाजार | मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर नावाबाजार थाना क्षेत्र के बाना में एक छर्री-लदा ट्रक सड़क किनारे स्थित घर में घुस गया। घटना रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छर्री-लदा बड़ा ट्रक पड़वा मोड़ की तरफ से औरंगाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक बाना में सड़क किनारे स्थित सुरेन्द्र भुइयां के घर में घुस गया। हालांकि जिस ओर ट्रक घुसा, उस तरफ परिवार का कोई सदस्य नहीं सोया था। घटना की जानकारी मिलते ही नावाबाजार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि घटना देखने से प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना ट्रक चालक को अचानक नींद आ जाने के कारण हुई है। सुरेन्द्र का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
