![]()
मधुबनी, 4 अगस्त। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मधुबनी उत्पाद विभाग की टीम ने 528 लीटर विदेशी शराब से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त कर चालक सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने मंगलवार दोपहर 12:30 बजे एक प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई सोमवार को उनके नेतृत्व में की गई थी। उन्होंने जानकारी दी कि मुजफ्फरपुर से फारबिसगंज की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन को मधुबनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 60 कार्टन में कुल 528 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मौके से पिकअप चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब और वाहन को उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरजिला शराब तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। विजयकांत ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। उत्पाद विभाग की टीम संभावित तस्करी गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराब तस्करों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त सभी लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


