Saturday, June 27, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में चार दिवसीय राजकीय चैती छठ मेला:देव सूर्य मंदिर में भव्य आयोजन, 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आएंगे; 2 हजार पुलिस तैनात, CCTV से निगरानी


ऐतिहासिक सूर्य नगरी देव में लोक आस्था के महापर्व चैती छठ पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय राजकीय छठ मेले का शुभारंभ आज 22 मार्च से होगा। उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मेले में इस बार 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। उद्घाटन के लिए जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन, सांसद अभय कुशवाहा, पूर्व सांसद राजाराम सिंह सहित सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विधायक और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इधर, छठ व्रत को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। व्रतियों के घरों में छठ गीत गूंजने लगे हैं और देव सूर्य मंदिर परिसर में सुबह-शाम भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया है। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था जिला प्रशासन ने मेले को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी की है। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर अलग-अलग विभागों के बीच जिम्मेदारियां बांटते हुए कमेटियों का गठन किया गया है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर आवासन स्थल बनाए गए हैं। जहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, प्रकाश, टेंट और अग्निशमन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत ना हो। प्रशासन ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा में लगाए गए हैं दो हजार पुलिस कर्मी पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने बताया कि इस बार मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 1600 सिपाही और 400 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। भीड़ कंट्रोल के लिए 70 जगहों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए 15 जगह चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा चार नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। सूर्य मंदिर से सूर्य कुंड तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। श्रद्धालु सूर्य कुंड से मंदिर की ओर जाएंगे और वापसी के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। मंदिर, सूर्य कुंड और मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। मेले में पटाखों और अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सूर्य कुंड में सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की टीम, नाव और गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा एनसीसी और स्काउट गाइड कैडेट्स मेले में भीड़ को संभालने में मदद करेंगे। डीएम और विधायक ने लिया तैयारियों का जायजा सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, डीएम अभिलाषा शर्मा और अन्य अधिकारियों ने सूर्य मंदिर, सूर्य कुंड, आवासन स्थल और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। आवासन स्थलों में राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय मैदान, उसके पश्चिमी क्षेत्र, हाजी नगर के पूर्व, मस्जिद रोड के उत्तर, थाना क्षेत्र के समीप और सूर्य कुंड के पूर्वी क्षेत्र को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के ठहरने के साथ-साथ पेयजल, रोशनी और सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आज नहाए खाए से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व चैती छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होगी। इसके बाद खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह महापर्व संपन्न होगा। श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। छठ पर्व को लेकर देव बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, फल-फूल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। मेले में मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खेलकूद और दुकानें भी सज गई हैं। विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर की पौराणिक मान्यताओं के कारण यहां आयोजित होने वाला छठ मेला विशेष महत्व रखता है। राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त है, जहां बिहार सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष का देव छठ मेला भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से छठ पर्व का अनुष्ठान कर सकेंगे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles