Tuesday, October 27, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाइवा ने नाबालिग को कुचला, मौत:गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया, फूफा संग बीमार बहन का इलाज कराकर लौट रहा था भाई


औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदता गांव के पास एनएच-139 पर मंगलवार को तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार 16 साल की नाबालिग की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतका की पहचान नवीनगर थाना क्षेत्र के मानियाराडीह गांव निवासी राजकुमार चंद्रवंशी की पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, काजल की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। उसे इलाज कराने के लिए उसका भाई गुड्डू कुमार और फूफा निर्भय कुमार बाइक से हरिहरगंज लेकर गए थे। इलाज कराने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदता गांव के समीप एनएच-139 पर तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और काजल सड़क पर गिर पड़ी। सड़क पर गिरने के बाद हाइवा ने कुचला इसी दौरान हाइवा उसे कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि बाइक चला रहा उसका भाई गुड्डू कुमार और फूफा निर्भय कुमार बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। किशोरी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया एनएच-139 जाम किशोरी की मौत से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर एनएच-139 को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गिट्टी और डस्ट लदे हाइवा के तेज रफ्तार परिचालन के कारण इलाके में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। अधिक ट्रिप लगाने के चक्कर में कई चालक भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी तेज गति से वाहन चलाते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण स्थापित करने, लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी, फरार चालक की तलाश जारी घटना के बाद अंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। ग्रामीणों और परिजनों की मांग के कारण घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। अंबा थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टक्कर मारकर फरार हुए हाइवा और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस किशोरी को परिजन इलाज कराने के लिए लेकर गए थे, वह घर लौटने से पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी है। अब ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles