औरंगाबाद में रविवार को 8 साल की बच्ची की नहर में डूबरकर मौत हो गई। काफी देर तक उसकी तलाश की जाती रही। करीब आधे घंटे के बाद गोताखोरों ने बच्ची की लाश बरामद की। मृतका दाउदनगर के नहर रोड निवासी राजदेव राम की बेटी छोटी कुमारी है। घटना दाउदनगर के मौलाबाग नहर पुल के पास पटना मेन कैनाल में हुई। बताया जा रहा कि छोटी कुमारी अन्य दो लड़कियों के साथ नहर में नहा रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बच्ची को डूबता देख साथ में मौजूद लड़कियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छोटी कुमारी गहरे पानी में समा गई। गोताखोरों को बुलाया गया घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। अंचलाधिकारी शैलेंद्र कुमार यादव तथा दाउदनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक बच्ची की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में गोताखोरों को बुलाया गया। लगभग आधे घंटे तक खोजबीन चली। जिसके बाद देर शाम नहर पुल के पास बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।
नगर परिषद में सफाई कर्मी है मृत बच्ची का पिता स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका के पिता राजदेव राम मूल रूप से जहानाबाद जिले के उष्ठा गांव के रहने वाले हैं। वे नगर परिषद दाउदनगर में एक निजी सफाई एजेंसी के माध्यम से सफाईकर्मी के रूप में कार्य करते हैं। परिवार वर्तमान में दाउदनगर के नहर रोड स्थित नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रहता है। बताया गया कि घटना के समय बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। वे किसी पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही दोनों दाउदनगर के लिए रवाना हो गए।

