![]()
औरंगाबाद में आपसी विवाद में गाली-गलौज और फायरिंग हुई थी। मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक कट्टा, एक एयर गन और एक कारतूस कब्रिस्तान से बरामद किया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों में मो. मिस्टर खान और मो. महबूब खान शामिल है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि मो. आरजू खान ने सूचना दी कि आपसी विवाद को लेकर करीब 15 लोगों ने उनके सगे भाई मो. अरसद खान के साथ गाली-गलौज की। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने गोली चला दी, जिससे अरसद खान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। मामला बंदेया थाना क्षेत्र का है। घटनास्थल से खोखा-कारतूस बरामद पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बंदेया थानाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक कारतूस और खोखा मिला। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी-मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध बंदेया थाना क्षेत्र के जैतिया गांव में मौजूद हैं। पुलिस ने जैतिया गांव से मो. मिस्टर खान और मो. महबूब खान को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
अन्य की भूमिका की भी जांच हो रही मामले को लेकर बंदेया थाना कांड संख्या 98/26, के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि विधि विरुद्ध किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही गोली लगने से घायल अरसद खान के इलाज और उनकी स्थिति से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
औरंगाबाद में फायरिंग करने वाले 2 गिरफ्तार:निशानदेही पर कब्रिस्तान से हथियार-कारतूस बरामद, पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ा
