![]()
औरंगाबाद में सेटरिंग ठेकेदार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। अर्द्धनिर्मित वाटर पार्क के पास शव मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान नवादा गांव निवासी रमाशंकर सिंह के पुत्र बबन कुमार(40) के तौर पर हुई है। घटना बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव के पास की है। परिजन महेंद्र कुमार ने बताया कि बबन रोज की तरह बुधवार सुबह अपने घर से काम के लिए निकले थे। रात 9 बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन शाम करीब 6 बजे से उनका मोबाइल बंद हो गया। शुरुआत में लगा कि मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई होगी, लेकिन जब देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि एक व्यक्ति ने उसे अर्द्धनिर्मित पार्क के पास देखा था। इस सूचना पर मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पानी में उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला। आधा सिर और नाक पानी में डूबा हुआ था। तुरंत वहां से उठाकर स्थानीय अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल शव को पोस्टमार्टम के लिए देर रात करीब 1 बजे सदर अस्पताल लाया गया। परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए। आरोप है कि सुबह 8 बजे तक पोस्टमार्टम नहीं किया गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। बाद में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह के हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई। पुलिस का दावा- जल्द होगा मामले का खुलासा इस संबंध में बारुण थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

